एम्स-हाईड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज से वीरभद्र का सपना हुआ साकार : प्रतिभा सिंह

हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना हो, यह वीरभद्र सिंह का एक सपना था, जो आज साकार हुआ है। वर्ष 2017 में बिलासपुर में इस संस्थान की स्थापना के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने भूमि व अधोसंरचना उपलब्ध करवाकर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने बुधवार को जारी बयान में यह बात कही। उन्होंने संस्थान के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि  प्रदेश में हाईड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज की सोच भी वीरभद्र सिंह की थी। उन्होंने इसके निर्माण के लिए समय-समय पर बहुत प्रयास किए। अब इस काॅलेज के खुलने से प्रदेश में युवाओं को हाईड्रो इंजीनियरिंग करने में लाभ होगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा अब जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, तो ऐसे में इन योजनाओं से राजनीतिक लाभ लेने की फिराक में है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने संबोधन में अपने पुराने संस्मरणों को तो याद किया, लेकिन प्रदेशवासियों से पूर्व में किए अपने वायदों पर कुछ नहीं बोले, यह प्रदेश के साथ बड़ा धोखा है, साथ ही इस बार भी पीएम ने प्रदेश के लिए ऐसी कोई सौगात नहीं दी, जिससे प्रदेश में बिगड़ती अर्थव्यवस्था पटरी पर आ सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *