आज राष्ट्रपति पहुंचेंगी देहरादून, देंगी 2000 करोड़ की सौगात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उत्तराखंड के अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचेंगी। पहले दिन राष्ट्रपति प्रदेश सरकार की 2000 करोड़ की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगी। शुक्रवार सुबह राजभवन में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन राष्ट्रपति के हाथों होगा। शुक्रवार को वह मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह देहरादून में दून विश्वविद्यालय के वार्षिक समारोह में सम्मिलित होंगी।

राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मु का यह पहला उत्तराखंड दौरा है। राष्ट्रपति बनने से पहले वह अपने चुनाव के सिलसिले में उत्तराखंड आ चुकी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार सायं लगभग चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां उनकी अगवानी राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के स्वागत के लिए दून तैयार है। जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के भ्रमण की व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सोनिका ने इसके लिए 60 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। सभी अधिकारियों को बुधवार को उनके दायित्व भी समझाए गए।

कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रपति के भ्रमण की व्यवस्था में लगाए गए अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अपने दायित्वों को भली-भांति समझ लें। वीवीआइपी ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रपति के आगमन से पहले ही अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल का निरीक्षण कर लें। लोनिवि और राजमार्ग के अधिकारियों ने राष्ट्रपति के भ्रमण वाले रूट की सड़कों को मरम्मत व रंगरोगन कर चकाचक कर दिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दून आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस ने भी तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार को पुलिस ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण स्थलों और रूट पर फ्लीट निकालकर सुरक्षा व्यवस्था परखने के साथ ही दून से मसूरी तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। खुफिया एजेंसियां भी दिनभर सक्रिय रहीं।

गढ़ी कैंट स्थित जीटीसी हेलीपैड, मसूरी, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास में सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस के आलाधिकारी दिनभर दौड़ लगाते रहे। सुबह सबसे पहले पुलिस अधिकारी जीटीसी हेलीपैड पहुंचे और डाग स्क्वाड के साथ सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे का जायजा लिया।

इस दौरान राष्ट्रपति ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों की जानकारी देने के साथ सख्त हिदायत दी गई कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो। इस दौरान हेलीपैड के आसपास घूम रहे व्यक्तियों से सख्ती से पूछताछ भी की गई।दोपहर बाद अधिकारियों ने राष्ट्रपति के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक एकेडमी में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए दून से मसूरी तक फ्लीट निकालकर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था परखी। इसके अलावा राजभवन और मुख्यमंत्री आवास में भी सुरक्षा व्यवस्था को जांचा गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *