उत्‍तराखंड के इन हिल स्‍टेशन पर हो सकती है बर्फबारी

उत्तराखंड में दिसंबर के शुरुआत से मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्‍य के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अगर आप भी बर्फबारी का आनंद लेना चाहते हैं, तो जल्‍दी से टूर प्‍लान कर लें और चले आइए उत्‍तराखंड की हसीन वादियों में। आइए हम आपको बताते हैं सर्दियों के मौसम में आप उत्‍तराखंड में घूमने के लिए कहां कहां जा सकते हैं।

औली उत्‍तराखंड के चमोली जिले में स्थित है। औली भारत के प्रमुख हिल स्टेशनों में से एक है। यह भारत की स्कीइंग राजधानी के रूप में भी जाना जाता है। सर्दियों में औली के पर्वत बर्फ की मोटी चादर से ढक जाते हैं।

धनोल्‍टी उत्‍तराखंड के टिहरी जनपद में स्थित है। मसूरी से इसकी दूरी 24 किमी है। सर्दियों के मौसम में यहां की पहड़ियां बर्फ से ढक जाती हैं। यहां रहने के लिए पर्यटक विश्राम गृह, अतिथि गृह और होटल हैं।

चकराता उत्‍तराखंड के देहरादून जनपद में स्थित है। देहरादून से इसकी दूरी करीब 86 किमी है। सर्दियों में यहां जमकर बर्फ पड़ती है। यहां की खूबसूरती तब और बढ़ जाती है, जब विटरलाइन की लालिमा दिखाई देती है।

मसूरी उत्‍तराखंड के देहरादून जनपद में स्थित है। सर्दियों में पहाड़ों की रानी मसूरी बर्फबारी की सफेद चादर से ढक नजर आती है। ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचते हैं। यह दिल्‍ली से मात्र 312 किलोमीटर की दूरी पर है।

मुक्‍तेश्‍वर उत्‍तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित हिल स्‍टेशन है। यहां सर्दियों के मौसम में हिमपात होता है। यहां बर्फबारी को देख सैलानियों के चेहरे खिल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *