राम की नगरी का अद्भुत छठा देख PM मोदी हुए गदगद

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश में श्रीराम की नगरी अयोध्या में सदानीरा सरयू के तट पर राम की पैड़ी घाट से छठे दीपोत्सव का उद्घाटन कर 16 लाख दीयों से प्रज्वलित अद्भुत रौशनी का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद सरयू घाट पर मंच की अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था को बंद कर एक साथ 16 लाख दीपों की ज्योति से पूरी अयोध्या को आलोकित करती रोशनी का सबने दीदार किया। इस बीच रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का लेजर लाइट शो के माध्यम से रेखांकन किया गया।

इससे पहले उन्होंने राम नाम रस में डूबी अयोध्या में सरयू तट पर एकत्र जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीराम भारत के कण-कण में हैं। जन-जन के मन में हैं। मोदी ने कहा कि आज अयोध्या जी, दीपों से दिव्य हैं, भावनाओं से भव्य हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दीपोत्सव के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि दीपोत्सव का हर दीप, सत्य की विजय का प्रतीक है। हर दीप संदेश देता है कि जीत सदैव राम रूपी सत्य की होती है, रावण रूपी असत्य की नहीं।

मोदी ने कहा हर दीप की ज्योति, ‘सबके साथ’ का प्रतीक है, हर दीप की ज्योति संसार के कल्याण की प्रतीक है। दीया आशा भी देता है, उष्मा भी देता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम उस सभ्यता और संस्कृति के वाहक हैं, पर्व और उत्सव जिनके जीवन का सहज-स्वाभाविक हिस्सा रहे हैं। दीपावली के दीपक, भारत के आदर्शों, मूल्यों और दर्शन के जीवंत ऊर्जापुंज हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम पूरे विश्व को प्रकाश देने वाले हैं। वो पूरे विश्व के लिए एक ज्योतिपुंज की तरह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *