सैर पर निकले सीएम धामी, सड़क पर ली चाय की चुस्की

दो दिवसीय पिथौरागढ़ जिले के भ्रमण के दौरान वन विभाग के विश्राम गृह में ठहरे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले। बचपन में वे अपने दोस्तों के साथ जिन स्थानों पर खेला और घूमा करते थे, वहां गए और पुरानी यादें ताजा की। इस दौरान उन्होंने शहर के लोगों से बातचीत की जिनमें उनके कुछ पुराने मित्र भी थे।
इनसे मिलकर सीएम धामी काफी खुश नजर आए। उन्होंने नगरपालिका तिराहे पर स्थित नुक्कड़ में अमर उजाला समाचार पत्र पढ़ते हुए चाय पी। उनके साथ पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, राकेश देवलाल, वीरेंद्र बोहरा, हेमराज बिष्ट बजरंगी, भगवान बल्लभ पंत आदि भी थे।
मुख्यमंत्री  ने वन विश्राम गृह के परिसर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं और ज्ञापन लेकर समाधान का आश्वासन दिया।  विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गो सदन स्थापना के लिए ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने परिसर में एक पौधा लगाया।
वहीं, इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग के विश्राम गृह में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और एनसीसी कैडेट्स से बातचीत की और उनका मनोबल बढ़ाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा और खेल से संबंधित सुझाव दिए और समस्याएं भी बताईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं को लेकर सुधार की आवश्यकता है। लेकिन,आगे बढ़ने का हौसला हो तो विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ा जा सकता है।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का उदाहरण भी दिया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि अब स्थिति पहले जैसे नहीं है। पहले सड़कें तक नहीं थी। अब गांव-गांव तक सड़क मार्ग बन गए हैं। आज हम अर्थव्यवस्था में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह लक्ष्य बनाकर चल रहे हैं कि हमारा देश वर्ष 2047 में विश्व का नंबर वन देश बने। उन्होंने इस लक्ष्य को पूरा करने में छात्र-छात्राओं से अपना बेहतर योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *