Exit Polls में भाजपा की गुजरात में सातवीं बार वापसी

कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में सोमवार को यह अनुमान जताया गया कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से सरकार बना सकती है, तो हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर के आसार हैं। सभी सर्वेक्षणों में कहा गया है कि गुजरात में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है, तो वहीं कई एग्जिट पोल में हिमाचल प्रदेश में उसे बढ़त दिखाई गई है।

कुछ सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि गुजरात में भाजपा को 129 से 151 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 16 से 30 सीट मिलने का अनुमान है। गुजरात में आम आदमी पार्टी को 9-11 सीट मिल सकती है। ‘एबीपी-सी वोटर’ के सर्वेक्षण के अनुसार, गुजरात में भाजपा को 128 से 140 सीट प्राप्त हो सकती है, तो कांग्रेस को 31 से 43 सीट के साथ संतोष करना पड़ सकता है। आप को तीन से 11 सीट मिल सकती है।

‘न्यूज एक्स-जन की बात’ के एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि गुजरात में भाजपा को 117 से 140 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस के खाते में 34 से 51 सीट आ सकती है। आप को 6-13 सीट मिलने का अनुमान है। ‘रिपब्लिक टीवी-पीमार्क’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में भाजपा को 128 से 148 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 30 से 42 सीट मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 2-10 सीट मिल सकती है। गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 93 सीट के लिए सोमवार को मतदान हुआ।

इससे पहले एक दिसंबर को 89 सीट पर मतदान हुआ था। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर के अनुमान जताए गए हैं। हालांकि, कई सर्वेक्षणों में कहा गया है कि भाजपा को बढ़त मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *